मुरादाबाद। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के जन्मदिवस के अवसर पर नागरिक सुरक्षा जनपद मुरादाबाद द्वारा आयोजित की जाने वाली ब्लैकआउट मॉक ड्रिल की तैयारियों और कार्ययोजना को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासनिक, तकनीकी और राहत एजेंसियों के समन्वय को परखना और सुदृढ़ करना रहा।
बैठक में उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा मुरादाबाद नीरज चक ने ब्लैकआउट मॉक ड्रिल की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। अपर जिलाधिकारी नगर सुश्री ज्योति सिंह एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ममता मालवीय के निर्देशन में मॉक ड्रिल के लिए एम.आई.टी. इंस्टीट्यूट, रामगंगा विहार, मुरादाबाद को चयनित स्थल के रूप में निर्धारित किया गया। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि निर्धारित समय पर चयनित स्थल पर पूर्ण ब्लैकआउट के साथ मॉक ड्रिल का आयोजन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में चिकित्सा विभाग को एम्बुलेंस एवं चिकित्सा टीम के साथ मॉक ड्रिल में सक्रिय सहभागिता करने के निर्देश दिए गए। वहीं अग्निशमन विभाग को फायर टेंडर सहित मौके पर मौजूद रहने को कहा गया। विद्युत विभाग को मॉक ड्रिल स्थल एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में ब्लैकआउट सुनिश्चित कराने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने निर्देशित किया कि ब्लैकआउट मॉक ड्रिल में आपदा मित्रों एवं एसडीआरएफ की सहभागिता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि वास्तविक आपदा जैसी स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया का अभ्यास किया जा सके।
बैठक में अग्निशमन अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत (नगरीय), अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड), आपदा विशेषज्ञ, सहायक उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा पंकज सक्सेना, डिप्टी चीफ वार्डेन नागरिक सुरक्षा, प्रभागीय वार्डेन नागरिक सुरक्षा कटघर प्रभाग, सुरेन्द्र प्रकाश गुप्ता (प्रभागीय वार्डेन, सिविल लाइन), अशोक कुमार गुप्ता (स्टाफ ऑफिसर टू प्रभागीय वार्डेन कोतवाली) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह मॉक ड्रिल न केवल आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा है, बल्कि आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने और संकट के समय अनुशासन व समन्वय का संदेश देने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।
