मुरादाबाद। थाना भोजपुर क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के प्रकरण में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में थाना भोजपुर पर मु0अ0सं0 0017/2026 भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 65(2), 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
पुलिस के अनुसार घटना 13 जनवरी 2026 की है। आरोप है कि अभियुक्त महेन्द्र पुत्र बन्नू, निवासी ग्राम काफीयाबाद, थाना भोजपुर, ने वादिनी की नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया तथा घटना के संबंध में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पीड़िता की माता श्रीमती पूनम पत्नी राकेश द्वारा 15 जनवरी 2026 को थाने में दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य संकलित करते हुए 16 जनवरी 2026 को सुबह 9:45 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी उप निरीक्षक पंकज कुमार के नेतृत्व में की गई, जिनके साथ हेड कांस्टेबल सरवर अली एवं कांस्टेबल अंकित मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार आरोपी का कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं पाया गया है। आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों से संबंधित अपराधों के मामलों में पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा @ZAFAR-INN
