मुरादाबाद। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने के लिए 18 जनवरी (रविवार) को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष तिथि निर्धारित की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी अनुज सिंह ने बताया कि इस विशेष दिवस पर सभी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर पूर्वाह्न 10:30 बजे से सायं 04:30 बजे तक उपस्थित रहेंगे। इस दौरान बीएलओ द्वारा 06 जनवरी को प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली, गणना अवधि के दौरान अप्राप्य (Uncollectable) श्रेणी में चिन्हित मतदाताओं की सूची, साथ ही अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची को पढ़कर सुनाया जाएगा।
बीएलओ पात्र व्यक्तियों से फार्म-6 (घोषणा पत्र सहित), फार्म-6क, फार्म-7 तथा फार्म-8 (घोषणा पत्र सहित) में आवश्यक प्रविष्टियां भरवाकर प्राप्त करेंगे। निर्वाचन संबंधी इस प्रक्रिया में बूथ लेवल एजेंट, ग्राम प्रधान एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक बूथ पर आमजन के बैठने, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
