मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कर-करेत्तर एवं राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने आबकारी, आयकर, परिवहन, स्टाम्प, नलकूप, खनन, मंडी, बाट-माप, श्रम एवं उत्तर प्रदेश परिवहन निगम सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए लक्ष्य के सापेक्ष वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्टाम्प, आबकारी, परिवहन एवं आयकर विभाग को अपने राजस्व संग्रह पर विशेष ध्यान देने को कहा। आबकारी विभाग द्वारा पूर्व बैठक के निर्देशों की अनुपालन आख्या प्रस्तुत न करने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए गए। आयकर विभाग को स्क्रैप वाहनों एवं ई-वेस्ट की प्रभावी मॉनिटरिंग कर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया, वहीं श्रम विभाग को अपनी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए।

उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की कम प्रगति पर जिलाधिकारी ने कारणों की समीक्षा की। डग्गामार बसों के कारण राजस्व प्रभावित होने की जानकारी पर जिलाधिकारी ने एआरएम रोडवेज को आरटीओ के साथ समन्वय कर डग्गामार बसों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर उन्हें बंद कराने के निर्देश दिए।

राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारियों एवं उपजिलाधिकारियों को पांच वर्ष से अधिक समय से लंबित वादों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तहसीलों से प्राप्त आख्याओं की गुणवत्ता पर असंतोष जताते हुए तहसीलदारों को प्रकरणों का सम्यक अध्ययन कर गुणवत्तापूर्ण रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। धारा-4 के अंतर्गत तीन माह से अधिक लंबित प्रकरणों को जनपद की रैंकिंग के लिए हानिकारक बताते हुए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। धारा-34 में तहसील ठाकुरद्वारा की अधिक पेंडेंसी पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने कृषि भूमि, आवासीय भूमि एवं तालाबों के आवंटन को समय से पूरा कराने, निवास, आय एवं हैसियत प्रमाण पत्रों की समस्त पेंडेंसी इस माह के अंत तक समाप्त करने तथा कृषक दुर्घटना बीमा के लंबित 45 प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा में सभी उपजिलाधिकारियों व तहसीलदारों को रैंकिंग सुधारने हेतु विशेष प्रयास करने को कहा गया। साथ ही, आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर देते हुए जनपद की बेहतर रैंकिंग बनाए रखने का आह्वान किया गया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ममता मालवीय, अपर जिलाधिकारी नगर सुश्री ज्योति सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक श्री जितेन्द्र पाल, समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, एआईटी स्टाम्प, जिला आबकारी अधिकारी, डीसी जीएसटी, मंडी सचिव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
