गोवा में दो रूसी महिलाओं की नृशंस हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुक्रवार को दोनों महिलाओं के शव बरामद किए गए, जिसके बाद पुलिस ने हत्या के आरोप में 37 वर्षीय रूसी नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान एलेक्सी लियोनोव के रूप में हुई है।
मृतकों की पहचान एलेना कस्थानोवा (37) और एलिना वानीवा (37) के तौर पर की गई है। गोवा पुलिस के अनुसार, दोनों हत्याएं एक ही तरीके से की गईं। दोनों महिलाओं का चाकू से गला रेता गया था और उनके हाथ रस्सी से पीछे की ओर बंधे हुए थे।
इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा उस समय हुआ, जब गुरुवार रात गोवा के अरंबोल इलाके में एक किराए के मकान से आरोपी की लिव-इन पार्टनर एलेना कस्थानोवा का शव बरामद किया गया। मकान मालकिन की शिकायत के अनुसार, यह वारदात रात 11 बजे के बाद की बताई जा रही है।
पुलिस अभी पहली हत्या की तफ्तीश में जुटी ही थी कि इसी बीच घटनास्थल से करीब 8 किलोमीटर दूर मोरजिम इलाके में एक और रूसी महिला की हत्या की सूचना मिल गई। मृतक महिला की पहचान एलिना वानीवा के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि वानीवा, आरोपी एलेक्सी लियोनोव और एलेना कस्थानोवा दोनों की दोस्त थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी और कस्थानोवा पिछले लगभग एक महीने से किराए के कमरे में साथ रह रहे थे। 14 जनवरी को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। झगड़े के दौरान कस्थानोवा ने पड़ोस में रहने वाली एक रूसी महिला से मदद मांगी, लेकिन उसने हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया।
पड़ोसी महिला ने पुलिस को बताया कि कुछ देर बाद उसे कस्थानोवा की चीखें सुनाई दीं। जब वह कमरे तक पहुंची, तब तक लियोनोव पहली मंजिल की बालकनी से कूदकर फरार हो चुका था। इसके बाद 15 जनवरी की शाम आरोपी मोरजिम गांव पहुंचा, जहां उसने एलिना वानीवा की भी हत्या कर दी।
