बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमलों की कड़ी एक बार फिर सामने आई है। ताज़ा घटना राजबाड़ी ज़िले के सदर उपजिला की है, जहां एक हिंदू युवक को बेहद निर्ममता से जान से मार दिया गया। इस वारदात ने पूरे इलाके में गुस्सा और बेचैनी फैला दी है।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय रिपन साहा के रूप में हुई है। रिपन गोलांदा मोड़ स्थित करीम फिलिंग स्टेशन पर काम करता था। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार को एक वाहन चालक ने पेट्रोल भरवाने के बाद भुगतान करने से इनकार कर दिया। जब रिपन ने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने जानबूझकर गाड़ी उसके ऊपर चढ़ा दी। मौके पर ही रिपन की दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी वाहन को जब्त कर लिया गया है। वाहन के मालिक अबुल हाशेम को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की राजबाड़ी ज़िला इकाई का पूर्व कोषाध्यक्ष बताया जा रहा है। वहीं, गाड़ी चला रहा आरोपी कमाल हुसैन भी पुलिस हिरासत में है, जिसे बानिभान निपारा गांव से पकड़ा गया।
यह घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता भी पैदा करती है। इलाके में तनाव का माहौल है और लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
