मुरादाबाद। लोकतंत्र को मजबूत करने और संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के उद्देश्य से विलाकुदान पंचायत भवन भोजपुर में भारतीय जनता पार्टी मंडल भोजपुर की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के निमित्त एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष वीरपाल सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में महानगर प्रभारी श्री मोहन लाल सैनी उपस्थित रहे।

बैठक में आगामी एसआईआर अभियान को लेकर विस्तार से रणनीति तैयार की गई। मुख्य अतिथि मोहन लाल सैनी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नए मतदाताओं को जोड़ना पार्टी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विशेष रूप से 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं, पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं, महिलाओं और वंचित वर्गों को मतदाता सूची से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत मतदाता सूची ही सशक्त लोकतंत्र की नींव होती है और इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका निर्णायक है।
मंडल अध्यक्ष वीरपाल सिंह ने कहा कि एसआईआर अभियान को बूथ स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। प्रत्येक बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क, जागरूकता अभियान और समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में मौजूद जिला पंचायत सदस्य महंत सुंदर गिरि महाराज ने कहा कि मतदान का अधिकार नागरिक का सबसे बड़ा अधिकार है और इसे सुनिश्चित करना हम सभी का दायित्व है। वहीं नगर पंचायत भोजपुर चेयरमैन प्रतिनिधि अर्शमान ने नगर क्षेत्र में नए वोटरों को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की बात कही।
इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष अर्पित पाल, लेखराज सैनी, समरपाल सिंह, कपिल देव शर्मा, सुरेश सिंह, अमरजीत सिंह, वीरेंद्र यादव, शक्ति केंद्र संयोजक यासीन मालिक, नितिन शर्मा, तहसीन कादरी, इस्तेकर, नाजिर पधान, साबिर, शुभम सैनी, मोहित प्रजापति, अनिल कुमार, नितिन कुमार, महामंत्री जयप्रकाश सिंह, मुनीराम कश्यप सहित बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक के अंत में यह संकल्प लिया गया कि एसआईआर अभियान को मिशन मोड में चलाया जाएगा, हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराया जाएगा और भाजपा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत किया जाएगा@ZAFAR-INN
