मुरादाबाद। जनपद की बिलारी तहसील परिसर स्थित सभागार कक्ष में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अनुज सिंह ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। समाधान दिवस के दौरान कुल 49 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें अधिकांश मामले जमीनी विवाद, मारपीट और अवैध कब्जों से संबंधित रहे।

जिलाधिकारी ने मौके पर ही कुछ शिकायतों का हाथों-हाथ निस्तारण कराया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समाधान दिवस के दौरान एक गंभीर मामला सामने आया, जिसमें समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग को आवंटित दुकानों पर लंबे समय से अवैध कब्जा होने की शिकायत मिली। इस पर जिलाधिकारी अनुज सिंह ने कड़ा संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों के अधिकारों से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। वहीं एक अन्य प्रकरण में एक लेखपाल के खिलाफ शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी ने उसे तलब करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जांच में आरोप सही पाए गए तो निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और ईमानदारी अनिवार्य है।जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले समाधान दिवसों की तुलना में इस बार शिकायतों की संख्या में कमी आई है, जो क्षेत्र में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था में सुधार का संकेत है। उन्होंने तहसील क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपजिलाधिकारी विनय कुमार और प्रशासनिक टीम की सराहना भी की।

समाधान दिवस के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का निस्तारण संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तय समय सीमा में किया जाए, ताकि आमजन को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
