मुरादाबाद। मंडलायुक्त मुरादाबाद आञ्जनेय कुमार सिंह ने आगामी उदीषा चौपाला साहित्योत्सव की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मंच, पंडाल, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, ध्वनि प्रणाली, पार्किंग, सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।

मंडलायुक्त ने कहा कि उदीषा चौपाला साहित्योत्सव क्षेत्र की साहित्यिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूती देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। इसमें प्रदेश व देश के प्रतिष्ठित साहित्यकारों, कवियों, लेखकों और बुद्धिजीवियों की सहभागिता संभावित है, इसलिए व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने अधिकारियों से कार्यक्रम की रूपरेखा, अतिथियों के आगमन-प्रस्थान, आवास, भोजन, यातायात प्रबंधन तथा आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि साहित्योत्सव के दौरान आने वाले साहित्य प्रेमियों और आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

मंडलायुक्त ने नगर निगम को स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने, लोक निर्माण विभाग को सड़क और पार्किंग व्यवस्था सुचारु रखने तथा पुलिस प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने विद्युत विभाग और स्वास्थ्य विभाग को भी आयोजन के दौरान सतर्क रहने को कहा।
अधिकारियों ने मंडलायुक्त को आश्वस्त किया कि उदीषा चौपाला साहित्योत्सव को भव्य और सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां तय समय सीमा में पूरी कर ली जाएंगी। निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
