Oplus_16908288
मुरादाबाद। जनपद में शनिवार देर रात घने कोहरे के चलते एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पाकबड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत लोधीपुर राजपूत गांव के सामने नेशनल हाईवे पर रात करीब 11:30 बजे तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कंटेनर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और कार में सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय सड़क पर घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता बेहद कम थी। कंटेनर में कार की टक्कर के तुरंत बाद पीछे से आ रहे वाहन भी समय रहते ब्रेक नहीं लगा सके और एक के बाद एक कुल चार वाहन आपस में टकरा गए। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पाकबड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। कार में फंसे घायल व्यक्ति को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
क्षतिग्रस्त कार को कंटेनर से अलग करने के लिए क्रेन की मदद ली गई। देर रात तक पुलिस हाईवे से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाने और यातायात व्यवस्था बहाल करने में जुटी रही। इस दौरान पुलिस ने दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित कर धीरे-धीरे यातायात शुरू कराया।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलते ही लोधीपुर राजपूत गांव के बड़ी संख्या में लोग भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सहयोग किया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण घना कोहरा और कम दृश्यता प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के दौरान गति सीमित रखें, फॉग लाइट का प्रयोग करें और सुरक्षित दूरी बनाकर वाहन चलाएं, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
