मुरादाबाद। गांधी मैदान में 22 से 26 जनवरी 2026 तक आयोजित होने जा रहे उदीषा: चौपाला साहित्योत्सव को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। आयोजन की तैयारियों की हकीकत जानने के लिए मंडलायुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह स्वयं कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उनके साथ जिलाधिकारी अनुज सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल भी मौजूद रहे। मौके पर अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि साहित्योत्सव के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके लिए आयोजन स्थल पर जरूरी दवाइयों की उपलब्धता के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार तैनात रहेगी, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता मिल सके।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने बताया कि पूरा साहित्योत्सव परिसर हाईटेक निगरानी व्यवस्था से लैस रहेगा। हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। कानून-व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर मंडलायुक्त ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से विस्तृत जानकारी ली और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
आगंतुकों की सुरक्षा के मद्देनजर फायर सेफ्टी सहित सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।

साहित्योत्सव के स्वरूप को रेखांकित करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पुस्तकों और विचारों से समाज को जोड़ने का मंच है। यहां देश के प्रतिष्ठित लेखकों और रचनाकारों की पुस्तकों के स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए उपयोगी पुस्तकों की भी विशेष व्यवस्था रहेगी।

पाठकों के साथ-साथ आमजन को आकर्षित करने के लिए देशभर के प्रसिद्ध व्यंजनों के स्टॉल भी साहित्योत्सव परिसर में सजेंगे, जिससे साहित्य के साथ स्वाद की विविधता का अनुभव भी लोगों को मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ पूरे आयोजन स्थल का भ्रमण किया और सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें, ताकि उदीषा: चौपाला साहित्योत्सव एक यादगार और सफल आयोजन बन सके।
