मुरादाबाद। रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद सतपाल अंतिल की अध्यक्षता में पुलिस लाइन मुरादाबाद में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह सहित जनपद के समस्त संबंधित क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे।

गोष्ठी के दौरान एसएसपी ने थाना स्तर पर लंबित विवेचनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने विवेचकों की अब तक की गई कार्यवाही का बारीकी से अवलोकन करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों में प्रभावी साक्ष्य संकलन किया जाए और गुण-दोष के आधार पर विवेचनाओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

एसएसपी सतपाल अंतिल ने कहा कि विवेचना की गुणवत्ता ही न्यायिक प्रक्रिया की मजबूती का आधार होती है। किसी भी स्तर पर लापरवाही, देरी या औपचारिकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विवेचकों को निर्देशित किया कि वैज्ञानिक साक्ष्यों, गवाहों के सशक्त बयान और विधिक प्रावधानों का पूर्ण पालन करते हुए विवेचना पूरी करें, ताकि दोषियों को सजा और निर्दोषों को न्याय मिल सके।

गोष्ठी में यह भी निर्देश दिए गए कि गंभीर अपराधों, महिलाओं से संबंधित मामलों, लंबित विवेचनाओं और न्यायालय में विचाराधीन प्रकरणों पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही समय-समय पर विवेचना की प्रगति की समीक्षा कर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए।
पुलिस अधिकारियों को चेताया गया कि अनावश्यक रूप से लंबित मामलों पर जवाबदेही तय की जाएगी। गोष्ठी के अंत में एसएसपी ने सभी अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे टीम भावना के साथ कार्य करते हुए कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाएंगे और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करेंगे।
