मुरादाबाद। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष दिवस पर जनपद के प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलओ उपस्थित रहे। इस दौरान बीएलओ द्वारा 06 जनवरी को प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली का वाचन किया गया तथा गणना अवधि के दौरान अप्राप्य श्रेणी में चिन्हित निर्वाचकों की सूची के साथ-साथ अनुपस्थित, शिफ्टेड, मृतक एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की सूचियां भी पढ़कर सुनाई गईं।

जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अनुज सिंह ने एसडीएम सदर श्री राम मोहन मीणा के साथ विकास खंड मुरादाबाद कार्यालय परिसर, राजकीय जूनियर हाई स्कूल उन्नयन बस्ती सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथों पर बीएलओ की उपस्थिति, मतदाता सूची संबंधी कार्यों तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप की जा रही प्रक्रियाओं का सत्यापन किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ से फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की उपलब्धता एवं उनके भरने की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपस्थित नागरिकों से संवाद कर मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया की जानकारी दी और नागरिकों को अपने नाम, पते एवं अन्य विवरणों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में सम्मिलित हों और अपात्र प्रविष्टियों को समयबद्ध ढंग से हटाया जाए, ताकि निर्वाचक नामावली पूर्णतः शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाई जा सके।
