मुरादाबाद। सोमवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मुरादाबाद कुंवर आकाश सिंह द्वारा पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में फरियादियों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनी गईं। जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने प्रत्येक फरियादी की बात को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, महिला उत्पीड़न, साइबर अपराध सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्राप्त हुईं। एसपी ग्रामीण ने मौके पर ही कई मामलों में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने ग्रामीण क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई और महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, जिससे पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से थानों या पुलिस कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का निस्तारण थाना स्तर पर संभव है, उनका समाधान थाना स्तर पर ही समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में जनता के साथ संवाद को मजबूत करें और शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाएं। महिला, बुजुर्ग एवं कमजोर वर्ग से संबंधित मामलों में विशेष सतर्कता बरतते हुए त्वरित कार्रवाई की जाए।

एसपी ग्रामीण ने चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जनसुनवाई कार्यक्रम का उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करना तथा पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना है।

जनसुनवाई के अंत में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने संबंधित अधिकारियों से प्राप्त शिकायतों की प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जा सके@ZAFAR-INN
