लंबे इंतजार के बाद भारतीय जनता पार्टी को मंगलवार को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया। पार्टी ने औपचारिक रूप से पांच बार के विधायक नितिन नबीन के नाम का ऐलान किया। इससे पहले वह निर्विरोध रूप से बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए थे। नितिन नबीन इस पद पर पहुंचने वाले पार्टी के अब तक के सबसे युवा नेता हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें पार्टी अध्यक्ष बनने पर शुभकामनाएं दीं।
पार्टी के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह बेहद ऐतिहासिक क्षण है, जब दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी को एक युवा, ऊर्जावान और प्रतिभाशाली नेता के रूप में नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिला है। जेपी नड्डा ने कहा कि नितिन नबीन ने पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर पदभार संभाला है और उन्हें न केवल अपनी ओर से, बल्कि करोड़ों कार्यकर्ताओं की तरफ से भी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं हैं।
