मुरादाबाद। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, मुरादाबाद कुंवर आकाश सिंह ने पुलिस कार्यालय में मिशन शक्ति से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारीगण के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों की प्रगति की समीक्षा करना और जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करना रहा।
बैठक के दौरान एसपी ग्रामीण ने मिशन शक्ति निरीक्षण पुस्तिका एवं मासिक गोस्वारा रजिस्टर के रख-रखाव को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं से संबंधित अपराधों, घरेलू विवादों तथा अन्य शिकायतों पर की गई कार्यवाही को पूरी पारदर्शिता के साथ स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।

कुंवर आकाश सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से संवाद को और अधिक मजबूत किया जाए। इसके लिए बीट स्तर पर सक्रिय भ्रमण करते हुए महिलाओं से सीधे संवाद स्थापित किया जाए, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि महिलाओं में सुरक्षा और विश्वास की भावना पैदा करने का माध्यम है। ऐसे में हर अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि वह संवेदनशीलता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि मिशन शक्ति के अंतर्गत की जा रही गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस समीक्षा बैठक के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के प्रति कोई भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी@ZAFAR-INN
