मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा पुलिस ने चोरी की एक घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन बाल अपचारियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उनके कब्जे से 15 हजार 50 रुपये नकद, चोरी में प्रयुक्त एक बैग और सरिया का टुकड़ा बरामद किया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रामनगर खागूवाला निवासी अभिषेक पुत्र छुन्नू ने थाना ठाकुरद्वारा में तहरीर देकर बताया था कि उनकी दुकान से अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा के पर्यवेक्षण में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण करते हुए जांच को आगे बढ़ाया, जिसके परिणामस्वरूप चोरी की घटना का सफल खुलासा किया गया। पुलिस टीम ने 20 जनवरी 2026 को तीनों बाल अपचारियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गई नकदी और वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए गए।
चोरी की घटना के त्वरित और सफल खुलासे से क्षेत्र के व्यापारियों में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। इसी क्रम में स्थानीय व्यापारियों ने कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार परमार एवं उपनिरीक्षक रजत चौधरी को माला पहनाकर सम्मानित किया और पुलिस टीम के कार्य की सराहना की। पुलिस के अनुसार, बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी कर दी गई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है। ठाकुरद्वारा पुलिस की इस कार्रवाई को कानून-व्यवस्था की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
