मुरादाबाद। मुख्यमंत्री ग्राम स्वरोजगार योजना के अंतर्गत जनपद मुरादाबाद में स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। आज बुधवार को राजकीय खाद्य विज्ञान एवं प्रशिक्षण केंद्र, जिला पंचायत परिसर मुरादाबाद में पाककला एवं बेकरी प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन सहायक निदेशक, राष्ट्रीय बचत श्री सिद्दार्थ जी तथा राजकीय खाद्य विज्ञान एवं प्रशिक्षण केंद्र के प्रधानाचार्य श्री सुनील कुमार जायसवाल द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों को योजना के उद्देश्य एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 21 जनवरी 2026 से 19 फरवरी 2026 तक कुल 30 चयनित प्रशिक्षणार्थियों को पाककला एवं बेकरी से संबंधित व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम के प्रथम दिवस पर प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण सामग्री का वितरण किया गया तथा विषय विशेषज्ञों द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षण की शुरुआत की गई।

अधिकारियों ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है। प्रशिक्षण पूर्ण करने के पश्चात प्रतिभागी अपने स्वयं के व्यवसाय की शुरुआत कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकेंगे।

कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु केंद्र द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जिला प्रशासन ने भी इस पहल को जनहित में महत्वपूर्ण बताते हुए इसे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने वाला कदम बताया है।
