मुरादाबाद। जनपद में अवैध रूप से ई-कचरा गलाकर जहरीला प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी चोट की है। बुधवार को मुगलपुरा थाना क्षेत्र के बरबालान इलाके में संचालित ई-कचरा गलाने की अवैध फैक्ट्रियों पर प्रशासन का चाबुक चला और एक साथ 8 फैक्ट्रियों को सील कर दिया गया।

यह कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट विनय पांडे के नेतृत्व में की गई। अभियान में असिस्टेंट कमिश्नर, राज्य कर विभाग तथा प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अवर अभियंता की संयुक्त टीम शामिल रही।

निरीक्षण के दौरान जब फैक्ट्री संचालकों से वैध लाइसेंस और अनुमति पत्र मांगे गए तो कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। नियमों के उल्लंघन और बिना अनुमति प्रदूषण फैलाने पर सभी फैक्ट्रियों को तत्काल सील कर दिया गया।

गौरतलब है कि मुरादाबाद में लंबे समय से बड़े पैमाने पर ई-कचरा जलाने का अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। देहात क्षेत्र के साथ-साथ मुगलपुरा, नागफनी और मझोला के जन्नत बाग इलाके में शाम होते ही अवैध भट्ठियां जल उठती हैं। इन भट्ठियों से निकलने वाला जहरीला धुआं पूरे क्षेत्र में फैल जाता है, जिससे स्थानीय लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

इस कार्रवाई को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट विनय पांडे ने बताया कि जनपद में अवैध रूप से संचालित ई-कचरा भट्ठियों को चिन्हित किया जा रहा है। प्रदूषण फैलाने वाली ऐसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी प्रशासन की सख्त मुहिम जारी रहेगी और किसी को भी नियमों से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध ई-कचरा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं क्षेत्रीय नागरिकों ने राहत की सांस लेते हुए प्रशासन के कदम का स्वागत किया है।
