मुरादाबाद। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइंस मैदान में आयोजित भव्य परेड एवं समारोह के दौरान कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तेज-तर्रार व ईमानदार प्रभारी निरीक्षक थाना सिविल लाइन मनीष सक्सेना को विशेष सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें प्रदेश सरकार में मंत्री जेपीएस राठौर द्वारा प्रदान किया गया।
समारोह के दौरान मंत्री जेपीएस राठौर ने प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कर्मठ और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी ही आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि मनीष सक्सेना ने अपने कार्यकाल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान में सराहनीय भूमिका निभाई है।
इस अवसर पर परिक्षेत्र के डीआईजी मुनिराज, एसएसपी सतपाल अंतिल, एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह और एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह भी मंच पर उपस्थित रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
भव्य परेड, राष्ट्रध्वज फहराने और राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुए इस समारोह में पुलिस बल के जवानों ने अनुशासन और देशभक्ति का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना को मिले इस सम्मान से पुलिस महकमे में उत्साह का माहौल देखा गया और इसे अन्य अधिकारियों व जवानों के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।
