मुरादाबाद। मैनाठेर थाना क्षेत्र के ताहरपुर गांव में बाजार के बीच बंदूक लहराने की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। दिनदहाड़े हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला हाथ में बंदूक लेकर बेखौफ घूम रही थी, जिससे दुकानदारों और ग्राहकों में भय का माहौल बन गया। हालांकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

पुलिस ने वीडियो के आधार पर महिला की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बंदूक वैध लाइसेंस की थी या नहीं और घटना के पीछे महिला की मंशा क्या थी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
