पीएम मोदी और सीएम योगी के समर्थन में लिया बड़ा फैसला
अयोध्या। अयोध्या में तैनात GST डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार सिंह ने अपने पद से इस्तीफा देकर प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। उन्होंने यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में लिया है। प्रशांत कुमार सिंह का कहना है कि शंकराचार्य की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर की गई टिप्पणी से वे बेहद आहत हुए और इसे बर्दाश्त नहीं कर सके।
प्रशांत कुमार सिंह ने अपने इस्तीफे के पीछे की वजह स्पष्ट करते हुए कहा कि वह जिस प्रदेश से वेतन पाते हैं, उसी प्रदेश का नमक खाते हैं और उसी के साथ खड़े रहना उनका नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जनता ने चुना है और उनका अपमान वे किसी भी सूरत में सहन नहीं कर सकते।
उन्होंने बताया कि बीते तीन दिनों से वे मानसिक रूप से काफी परेशान थे और अंततः उन्होंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा भेजने का निर्णय लिया। प्रशांत कुमार सिंह ने यह भी कहा कि जैसे ही उनका इस्तीफा स्वीकार होगा, वे सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से जुट जाएंगे और समाज के लिए कार्य करेंगे।
इस घटनाक्रम से पहले सोमवार को बरेली के डिप्टी कमिश्नर द्वारा भी इस्तीफा दिया गया था। उस इस्तीफे की वजह UGC के नए कानून और शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े विवाद तथा उनके शिष्यों के साथ हुई कथित मारपीट बताई गई थी। लगातार हो रहे इन इस्तीफों ने प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था और मौजूदा विवादों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
प्रशांत कुमार सिंह का इस्तीफा ऐसे समय में सामने आया है, जब प्रदेश में संतों, प्रशासन और सरकार के बीच चल रहे विवाद को लेकर माहौल पहले से ही संवेदनशील बना हुआ है। उनके इस कदम को सरकार के प्रति समर्थन और व्यक्तिगत नैतिकता के रूप में देखा जा रहा है।
फिलहाल, प्रशांत कुमार सिंह के इस्तीफे पर शासन स्तर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है, लेकिन यह कदम निश्चित रूप से प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में लंबे समय तक चर्चा का विषय बना रहेगा।
