मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुज सिंह ने मंगलवार को निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं सुरक्षा को लेकर ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस में मौजूद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों एवं वीवीपैट इकाइयों की सुरक्षा व्यवस्था, रख-रखाव और अभिलेखों की गहनता से जांच की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में तैनात सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अग्निशमन व्यवस्था, सीलिंग प्रक्रिया तथा प्रवेश–निकास रजिस्टर का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि वेयरहाउस में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है।
डीएम अनुज सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईवीएम एवं वीवीपैट से संबंधित सभी अभिलेख अद्यतन रखें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए वेयरहाउस की निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ रखा जाए।

निरीक्षण के दौरान संबंधित चुनाव अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक सुधारों के निर्देश भी दिए। अंत में उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि वेयरहाउस की व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप पाई गईं, फिर भी सतत निगरानी आवश्यक है।
