मुरादाबाद। गुरुवार को परिक्षेत्रीय कार्यालय में पुलिस उपमहानिरीक्षक परिक्षेत्र जी. मुनिराज की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने प्रतिभाग किया। बैठक का उद्देश्य अपराध नियंत्रण, जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण और पुलिसिंग को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।
समीक्षा गोष्ठी के दौरान जिले में अपराध की वर्तमान स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।

अधिकारियों को संगीन अपराधों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने, लंबित मामलों के शीघ्र अनावरण तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत चिन्हित मामलों में साक्ष्य मजबूत कर दोषियों को सजा दिलाने पर जोर दिया गया।
बैठक में IGRS और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।

पॉक्सो एक्ट, महिला अपराधों और साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। महिला एवं बाल अपराधों में त्वरित कार्रवाई, पीड़ितों को संवेदनशील सहयोग तथा साइबर अपराधों में तकनीकी दक्षता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने पर भी बल दिया गया।
आगामी त्योहारों को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और निरोधात्मक कार्रवाई को और तेज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, विभिन्न प्रचलित अभियानों की प्रगति, अनावरण को शेष अभियोगों और उच्चाधिकारियों से प्राप्त लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।

गोष्ठी के अंत में अधिकारियों को आपसी समन्वय बढ़ाने, फील्ड स्तर पर सक्रिय पुलिसिंग अपनाने और जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी से कार्य करती रहेगी।
