रामपुर। मिलक क्षेत्र में गुरुवार को रेलवे फाटक के पास एक मामूली लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बनते-बनते रह गई। मकान निर्माण सामग्री लेकर गुजर रहे युवक के सरिया के रेलवे लाइन से टकराते ही सिग्नल प्रणाली सक्रिय हो गई और लाइन पर चल रही जनसाधारण एक्सप्रेस को तत्काल रोकना पड़ा।
घटना के वक्त ट्रेन के लोको पायलट ने सिग्नल लाल होते देख तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाया, जिससे ट्रेन कुछ दूरी पर ही थम गई। लगभग दस मिनट तक ट्रेन ट्रैक पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों में भी कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही रेलवे विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। ट्रैक से अवरोध हटाने और तकनीकी जांच के बाद रेल संचालन को दोबारा सामान्य किया गया।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, समय पर ब्रेक लगने से कोई जनहानि या बड़ा हादसा नहीं हुआ। घटना को गंभीर मानते हुए रेलवे सुरक्षा बल ने संबंधित युवक को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
