मुरादाबाद।अंतर्राष्ट्रीय माउंटेनियर रवि कुमार के बड़े भाई मनोज कुमार द्वारा अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी किलीमंजारो पर 26 जनवरी को तिरंगा फहराकर लौटने पर मुरादाबाद में उनका ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया गया। मनोज कुमार के मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचते ही देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और स्टेशन परिसर भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा।
मुरादाबाद नागरिक समाज के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध समाजसेवी सरदार गुरविंदर सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं और खेल प्रेमी स्टेशन पर मौजूद रहे। रेलवे स्टेशन से मनोज कुमार को खुली गाड़ी में बैठाकर सम्मानपूर्वक नगर भ्रमण कराया गया। उनके स्वागत में आगे-पीछे चल रहे स्वयंसेवक और पदाधिकारी हाथों में तिरंगा लिए देशभक्ति के नारे लगाते रहे।

यह स्वागत जुलूस मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए मनोज कुमार के पैतृक गांव भोला सिंह की मिलक तक पहुंचा। रास्ते भर लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया और देश के लिए उनके साहसिक एवं गौरवपूर्ण प्रयास की सराहना की।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि 26 जनवरी जैसे ऐतिहासिक दिन पर किलीमंजारो जैसी दुर्गम चोटी पर तिरंगा फहराना न केवल मुरादाबाद बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। मनोज कुमार ने यह सिद्ध कर दिया कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ संकल्प और देशप्रेम के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन किया जा सकता है।

समाजसेवी सरदार गुरविंदर सिंह ने कहा कि ऐसे साहसिक व्यक्तित्व नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं और युवाओं को खेल, साहसिक गतिविधियों एवं राष्ट्र सेवा की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद की धरती को ऐसे वीर सपूतों पर गर्व है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, खेल प्रेमी, युवाओं और ग्रामीणों की उपस्थिति रही। पूरे आयोजन में देशभक्ति, उत्साह और गर्व का वातावरण बना रहा।
