मुरादाबाद। जिले में नकली शराब के कारोबार पर डिलारी पुलिस और आबकारी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में शराब, खाली बोतलें, नकली ढक्कन, फर्जी क्यूआर कोड, स्प्रिट और एक फर्जी नंबर प्लेट लगी कार बरामद की है। यह गिरोह आगामी ग्राम पंचायत चुनावों को देखते हुए शराब की बढ़ी मांग का फायदा उठाकर अवैध मुनाफा कमा रहा था।
डिलारी पुलिस द्वारा बरामद सामग्री में 120 अदद एमएल क्षमता की शराब भरी बोतलें, 180 एमएल क्षमता वाली रायल स्टैग ब्रांड की 10 क्वार्टर बोतलें, 375 एमएल क्षमता वाली रायल स्टैग ब्रांड की 8 शराब भरी बोतलें, 375 एमएल की 30 खाली बोतलें, 750 एमएल की 30 खाली बोतलें, ओल्ड मोंक ब्रांड के 940 ढक्कन, रायल स्टैग ब्रांड के 289 ढक्कन, 1026 फर्जी क्यूआर कोड, 5-5 लीटर के दो प्लास्टिक कैन में लगभग 8 बल्क लीटर कच्ची शराब, एक प्लास्टिक बाल्टी, ढक्कन से भरे दो प्लास्टिक डिब्बे तथा अलग-अलग रंग की 15 खाली प्लास्टिक बोरी शामिल हैं। इसके अलावा मौके से एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी, भी बरामद की गई है।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में काम कर रहे थे। अभियुक्तों ने बताया कि वे हरियाणा राज्य से कम दामों पर शराब खरीदकर उसे कार के जरिए उत्तर प्रदेश लाकर महंगे दामों में बेचते थे। आरटीओ और पुलिस की निगरानी से बचने के लिए वे बार-बार कार की फर्जी नंबर प्लेट बदलते रहते थे।
अभियुक्तों ने यह भी बताया कि ग्राम पंचायत चुनाव नजदीक होने के कारण शराब की मांग तेजी से बढ़ गई है, जिससे वे अवैध शराब की बिक्री कर अच्छा पैसा कमा रहे थे। गिरोह द्वारा उत्तराखण्ड से स्प्रिट मंगाकर नकली शराब तैयार की जाती थी।
पूछताछ में सामने आया कि उत्तराखण्ड से स्प्रिट उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी नासिर पुत्र मोहम्मद अली, निवासी परमानन्दपुर दभौरा मुस्तकम, थाना आईटीआई, काशीपुर, जिला ऊधम सिंह नगर (उत्तराखण्ड) निभाता था।
वहीं हरियाणा से शराब खरीदने का काम अशोक पुत्र तुलाराम सैनी, निवासी टिकली रोड ऊँची कोठी, बहादुरपुर, थाना बादशाहपुर, जनपद गुरुग्राम (हरियाणा) करता था।
इसके अलावा मुरादाबाद में नकली ढक्कन और फर्जी क्यूआर कोड उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी अनिल कुमार पुत्र जगदीश शरण सैनी, निवासी अम्बेडकर नगर, थाना कटघर, जिला मुरादाबाद की थी।
पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से नकली शराब का कारोबार कर रहा था, जिससे जनस्वास्थ्य को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।
