मुरादाबाद। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान–2026 के अंतर्गत जनपद में मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया जारी है। इस क्रम में 31 जनवरी 2026 (शनिवार) को पूर्वाह्न 11:00 बजे से सायं 04:00 बजे तक विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी बूथों पर संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती संगीता गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन के लिए 06 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं। इसी प्रक्रिया के तहत 31 जनवरी को विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के दौरान सभी बूथों पर बीएलओ समय से उपस्थित रहकर आलेख्य मतदाता सूची प्रदर्शित करेंगे। इसके साथ ही गणना चरण के दौरान अनुपस्थित, मृतक, दोहरी प्रविष्टि, अनट्रेस्ड एवं स्थानान्तरित मतदाताओं की सूची भी प्रदर्शित की जाएगी, ताकि नागरिक अपनी प्रविष्टियों का सत्यापन कर सकें।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ के पास मतदाता पंजीकरण से संबंधित फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 के साथ आवश्यक घोषणा पत्र भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहेंगे, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि 31 जनवरी 2026 को अपने निकटतम मतदान केंद्र पर पहुंचकर नया नाम जोड़ने के लिए प्रारूप-6 (घोषणा पत्र सहित), किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए प्रारूप-7, तथा मतदाता सूची में किसी भी प्रकार के संशोधन हेतु प्रारूप-8 (घोषणा पत्र सहित) प्रस्तुत करें।
प्रशासन ने नागरिकों से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने और सटीक, त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में सहयोग करने की अपील की है।
