मुरादाबाद। भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों की स्मृति में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत पूर्वाह्न 11:00 बजे दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों के बलिदान को नमन किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य उपस्थित जनों ने शहीदों की स्मृति में श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
मौन धारण से पूर्व जिलाधिकारी अनुज सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों का बलिदान देश की अमूल्य धरोहर है। उनके त्याग और समर्पण के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाए और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे।

कार्यक्रम के दौरान सभागार में उपस्थित सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी गंभीरता और अनुशासन के साथ मौन धारण कर शहीदों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते नजर आए। वातावरण देशभक्ति और सम्मान की भावना से ओतप्रोत रहा।
कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों ने शहीदों की स्मृति को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
