मुरादाबाद। बुद्धि विहार स्थित व्हाइट हाउस परिसर में श्री चंचल जी के संयोजन में चतुर्थ भव्य श्री श्याम गुणगान महोत्सव का श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ आयोजन किया गया। देर रात्रि तक चले इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और बाबा श्याम की भक्ति में लीन होकर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की।

महोत्सव के दौरान अखंड ज्योति प्रज्ज्वलन, छप्पन भोग और बाबा श्याम का भव्य एवं अलौकिक श्रृंगार आकर्षण का केंद्र रहा। जैसे ही श्री श्याम जी के मधुर भजनों की प्रस्तुति शुरू हुई, पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए और “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के जयकारों से परिसर गूंज उठा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी भाईचारे और संस्कारों को मजबूत करते हैं। बाबा श्याम की भक्ति हमें धैर्य, विश्वास और सेवा का संदेश देती है। इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।”
उन्होंने आयोजन समिति को सफल कार्यक्रम के लिए बधाई भी दी।

इस अवसर पर भाजपा नेता मनोज गुप्ता, राजेश रस्तोगी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति के बावजूद कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। आयोजन के अंत में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर बाबा श्याम से सुख-समृद्धि की कामना की।
