मुरादाबाद। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)–2026 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन निर्वाचन नामावली अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। साथ ही प्रारूप–6 (नया नाम जोड़ने), प्रारूप–7 (नाम हटाने) एवं प्रारूप–8 (संशोधन) से संबंधित प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी।

अनुज सिंह ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का उल्लेख करते हुए बताया कि दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई, नोटिस जारी करने और निस्तारण की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी।

उन्होंने विशेष रूप से बिलारी, ठाकुरद्वारा, कुंदरकी एवं कांठ विधानसभा क्षेत्रों में प्रारूप–6 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण में तेजी लाने की आवश्यकता जताई और इसमें राजनीतिक दलों की भूमिका को अहम बताया।

उन्होंने जानकारी दी कि आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 6 फरवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जबकि 27 फरवरी 2026 तक उनके निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके उपरांत 6 मार्च 2026 को निर्वाचन नामावलियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती संगीता गौतम भी उपस्थित रहीं। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने पुनरीक्षण कार्य में सहयोग का आश्वासन दिया।
