मुरादाबाद। श्री परिवार दिव्य महायज्ञ समिति ट्रस्ट के तत्वावधान में सिविल लाइंस स्थित एवरग्रीन कंपाउंड में आयोजित मां पीताम्बरा बगलामुखी देवी महायज्ञ एवं शिव कथा महोत्सव के दौरान नगर का वातावरण पूर्णतः शिवमय हो उठा। श्रद्धा, भक्ति और आस्था से ओतप्रोत इस भव्य आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्मलाभ अर्जित कर रहे हैं।

शिव कथा महोत्सव में कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कथा पंडाल में पहुंचने पर आयोजकों एवं भक्तों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर प्रिया अग्रवाल, डॉ. सी.पी. सिंह सहित महानगर के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के प्रधान महायज्ञ संचालक पं० कृष्णा स्वामी जी के सान्निध्य में विधिवत महायज्ञ संपन्न कराया जा रहा है, जबकि शिव कथा का दिव्य रसपान कथा व्यास आचार्य आशिष माधव जी (मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश) द्वारा कराया जा रहा है। आचार्य आशिष माधव जी ने अपने ओजस्वी प्रवचनों में भगवान शिव के चरित्र, उनके त्याग, वैराग्य और लोककल्याण के संदेश को सरल एवं भावपूर्ण शब्दों में प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

मुख्य अतिथि विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा –
“ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करते हैं। शिव कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को सत्य, सेवा और संयम के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। भगवान शिव का जीवन हमें समरसता और लोकमंगल का संदेश देता है।”
उन्होंने आयोजन समिति को इस सफल एवं अनुशासित आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि मुरादाबाद की भूमि सदैव धर्म और संस्कृति की साक्षी रही है।

आयोजन समिति की ओर से बताया गया कि यह शिव कथा महोत्सव 30 जनवरी से 3 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन सायं शिव कथा का आयोजन हो रहा है। कथा स्थल पर भक्तों की सुविधा, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया है।
पूरे आयोजन के दौरान पंडाल हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा। अंत में आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
