मुरादाबाद। जिले से एक हैरान करने वाला और सामाजिक बहस छेड़ देने वाला मामला सामने आया है। भगतपुर थाना क्षेत्र की एक युवती ने रामपुर की युवती से शादी कर ली, जिससे दोनों जिलों में चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, भगतपुर क्षेत्र की युवती कुछ समय पहले रामपुर में अपनी बुआ के घर गई थी। वहीं बुआ के घर के सामने रहने वाली युवती से उसकी मुलाकात हुई। बातचीत से शुरू हुई दोस्ती जल्द ही गहरे प्रेम में बदल गई। दोनों युवतियों ने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का फैसला करते हुए 31 जनवरी को एक-दूसरे की मांग भरकर शादी कर ली।
मामले की भनक लगते ही दोनों युवतियों के परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने अलग-अलग थानों में युवतियों के लापता होने की तहरीर दे दी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों युवतियों को थाने बुलाया गया।
थाने पहुंचकर दोनों युवतियों ने स्पष्ट रूप से एक-दूसरे से शादी करने और साथ रहने की बात कही। उन्होंने किसी भी प्रकार के दबाव या जबरदस्ती से इनकार करते हुए अपनी सुरक्षा की मांग भी पुलिस के सामने रखी।
पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दोनों युवतियों को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है। जल्द ही मजिस्ट्रेट के सामने दोनों के बयान दर्ज कराए जाएंगे। आगे की कार्रवाई और फैसला कोर्ट के निर्देशों के आधार पर किया जाएगा।
यह मामला न सिर्फ मुरादाबाद बल्कि पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां कानून, सामाजिक सोच और व्यक्तिगत स्वतंत्रता को लेकर नई बहस छिड़ गई है।
