मुरादाबाद।मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुरादाबाद सतपाल अंतिल द्वारा थाना सिविल लाइंस का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों तथा पुलिस कार्यप्रणाली का गहनता से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सबसे पहले थाना कार्यालय एवं परिसर का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने ई-मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क एवं साइबर हेल्प डेस्क का बारीकी से निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की स्थिति देखी। उन्होंने हवालात में सुरक्षा, साफ-सफाई और मानकों के अनुपालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान थाना में अन्य कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

साथ ही उन्होंने थाने में प्रचलित अभिलेखों और रजिस्टरों की जांच करते हुए उनके नियमित संधारण, अद्यतन एवं व्यवस्थित रख-रखाव पर जोर दिया।

साफ-सफाई को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि थाना परिसर स्वच्छ, व्यवस्थित एवं आमजन के अनुकूल होना चाहिए, जिससे फरियादियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि पुलिस थाने की व्यवस्था ही पुलिस की कार्यशैली और अनुशासन को दर्शाती है।

इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस मनीष सक्सेना सहित थाना का समस्त अधीनस्थ स्टाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के समक्ष मौजूद रहा।

निरीक्षण के अंत में एसएसपी ने थाना स्टाफ को जनता से शालीन व्यवहार, त्वरित सुनवाई और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
