लखनऊ। मुरादाबाद में 5 दिसंबर 2025 को आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सामने आई अनियमितताओं को लेकर समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री असीम अरुण ने सख्त रुख अपनाया है। मामले को गंभीरता से लेते उन्होंने जांच के आदेश दिए हैं। इसके लिए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है, जो मौके पर जाकर जांच करेगी और 12 फरवरी तक अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
यह शिकायत आई सामने
शिकायतों में सामने आया है कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान कई पात्र जोड़ों को निर्धारित विवाह उपहार सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई। वहीं जिन जोड़ों को सामग्री वितरित की गई, उसकी गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। इसके साथ ही यह भी सामने आया है कि निर्धारित अधिकतम सीमा के विपरीत 100 से अधिक जोड़ों के विवाह कराए गए। राज्यमंत्री श्री असीम अरुण ने कहा कि समाज कल्याण विभाग की योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जांच समिति में ये अधिकारी शामिल
जांच समिति में समाज कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक श्री पी के त्रिपाठी, उपनिदेशक श्री अमरजीत सिंह और जिला समाज कल्याण अधिकारी सुश्री अनामिका सिंह शामिल हैं।
इन बिंदुओं पर होगी जांच
1- सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शासन द्वारा निर्धारित अधिकतम जोड़ों की संख्या का पालन किया गया या नहीं। 100 से अधिक जोड़ों के विवाह की अनुमति किस स्तर पर दी गई।
2-योजना का लाभ पाने वाले जोड़ों की पात्रता और अपात्र लाभार्थियों की स्थिति।
3- सामूहिक विवाह कार्यक्रम के आयोजन और व्यवस्थाओं में कहां-कहां लापरवाही हुई।
4-पात्र जोड़ों को विवाह के लिए तय उपहार सामग्री मिली या नहीं। जो उपहार सामग्री दी गई, उसकी गुणवत्ता ठीक थी या नहीं।
