मुरादाबाद। जनपद में आंगनबाड़ी केंद्रों पर संचालित योजनाओं और गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के भौतिक विकास, पोषण कार्यक्रमों तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध कराए जाने वाले प्रमुख घटकों जैसे रेनवॉटर हार्वेस्टिंग, पोषण वाटिका तथा बाला पेंटिंग के कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने इन कार्यों के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं को दूर करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश और व्यावहारिक सुझाव भी दिए।

इसके अतिरिक्त बैठक में आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण, हॉट कुक्ड फूड योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई), एफआरएस सत्यापन, पोषाहार वितरण, वीएचएसएनडी सत्रों का आयोजन व पर्यवेक्षण, एनआरसी में सैम बच्चों का संदर्भन, तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों का नियमित वजन किए जाने जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियों की समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि
- सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों पर निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं,
- आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का निर्माण कार्य यथाशीघ्र पूर्ण कराया जाए,
- सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर हॉट कुक्ड फूड योजना का सफल संचालन सुनिश्चित किया जाए,
- वीएचएसएनडी सत्रों का नियमित व प्रभावी आयोजन किया जाए,
- आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत सभी लाभार्थियों का एफआरएस सत्यापन शत-प्रतिशत कराया जाए,
- एनआरसी में अधिक से अधिक कुपोषित (सैम) बच्चों को भर्ती कराया जाए, तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों का शत-प्रतिशत वजन कर पोषण ट्रैकर पर डेटा फीड किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के लाभार्थी तक पहुंचना चाहिए।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी, जनपद मुरादाबाद के समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी/प्रभारी, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग एवं अवर अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग उपस्थित रहे।
