गाजियाबाद के ट्रिपल सुसाइड केस में पुलिस जांच से बड़ा खुलासा सामने आया है। शुरुआत में इस घटना को ऑनलाइन गेम या कथित ‘कोरियन लव गेम’ से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन पुलिस ने इस थ्योरी को पूरी तरह खारिज कर दिया है। जांच में अब तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है जिससे यह साबित हो कि तीनों नाबालिग बहनों ने किसी ऑनलाइन गेम या सुसाइड चैलेंज के कारण यह कदम उठाया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच और अन्य सबूतों में किसी संदिग्ध गेम या टास्क का जिक्र नहीं मिला है। जांच में यह बात सामने आई है कि यह मामला किसी संगठित ऑनलाइन गेम से जुड़ा नहीं है, बल्कि मोबाइल और डिजिटल दुनिया से अचानक दूरी बनने के कारण पैदा हुए मानसिक दबाव से जुड़ा हो सकता है।
घटनास्थल से मिली 8 पन्नों की डायरी को इस केस की अहम कड़ी माना जा रहा है। डायरी में तीनों बच्चियों ने अपने विचार और भावनाएं लिखी थीं। इसमें बार-बार कोरियन कल्चर के प्रति उनका गहरा लगाव दिखाई देता है। डायरी में K-POP, कोरियन म्यूजिक, फिल्में, शॉर्ट फिल्म्स, टीवी शोज और वेब सीरीज का कई बार जिक्र किया गया है।
डायरी के एक हिस्से में अंग्रेजी में “WE LOVE KOREAN CULTURE” लिखा मिला है। पुलिस का मानना है कि यह केवल सामान्य पसंद नहीं थी, बल्कि धीरे-धीरे यह गहरी लत का रूप ले चुकी थी, जिससे दूर होना बच्चियों के लिए बेहद कठिन हो गया था।
