मुरादाबाद। राज्य महिला आयोग की सदस्य संगीता जैन ने बुधवार को मुरादाबाद स्थित सर्किट हाउस में महिला जनसुनवाई का आयोजन किया। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पीड़ित महिलाएं पहुंचीं और उन्होंने घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, दहेज प्रताड़ना, पारिवारिक विवाद व मारपीट जैसी गंभीर समस्याओं को लेकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।
जनसुनवाई के दौरान आयोग की सदस्य संगीता जैन ने एक-एक महिला की समस्या को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कई मामलों में उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए पीड़ित महिलाओं को शीघ्र न्याय दिलाने पर जोर दिया।

जिला प्रोबेशन अधिकारी चंद्र भूषण ने जानकारी देते हुए बताया कि यह जनसुनवाई राज्य महिला आयोग की सदस्य संगीता जैन की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की सुनवाई की जा रही है। शिकायतों को विधिवत दर्ज कर उनके समाधान की प्रक्रिया तत्काल शुरू कर दी गई है।

जनसुनवाई में सामने आए मामलों में घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, पारिवारिक कलह, मारपीट और महिलाओं के अधिकारों से जुड़े कई गंभीर प्रकरण शामिल रहे। आयोग की सदस्य ने पीड़ित महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों पर निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
राज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित इन जनसुनवाइयों का उद्देश्य महिलाओं को न्याय की सहज पहुंच उपलब्ध कराना, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना और समाज में महिलाओं के प्रति होने वाले अत्याचारों पर प्रभावी रोक लगाना है।
