मुरादाबाद। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित समस्त जिला समन्वयकों ने प्रतिभाग किया।
बैठक के दौरान समग्र शिक्षा योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभिन्न मदों में जारी लिमिट के सापेक्ष व्यय की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद स्तर से विभिन्न मदों में जारी धनराशि की नियमित समीक्षा करते हुए, व्यय की गई धनराशि को प्रबंधन पोर्टल पर समय से अपलोड किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
विद्यालय स्तर पर निर्माण कार्यों के लिए एसएमसी खातों में जारी की गई लिमिट की समीक्षा में बताया गया कि जनपद स्तर पर जारी कुल धनराशि के सापेक्ष 99.82 प्रतिशत व्यय हो चुका है। इस पर संबंधित जिला समन्वयक और लेखाकार को निर्देशित किया गया कि शेष धनराशि का शत-प्रतिशत व्यय आगामी तीन दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए।

निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों की समीक्षा में यह तथ्य सामने आया कि जनपद को प्राप्त धनराशि का पूर्ण उपभोग नहीं हो सका है। पाठ्यपुस्तकों के भुगतान हेतु जनपद को कुल 287.71 लाख रुपये की लिमिट प्राप्त हुई, जिसमें से अब तक 163.10 लाख रुपये का ही व्यय हुआ है। मुख्य विकास अधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि शेष धनराशि के भुगतान के लिए आवश्यक अभिलेख संलग्न कर तत्काल पत्रावली प्रस्तुत की जाए।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में व्यय की स्थिति पर चर्चा करते हुए बताया गया कि वर्तमान में व्यय प्रतिशत 37.46 है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अवगत कराया कि मार्च माह तक के व्यय हेतु आवश्यक धनराशि जनपद को प्राप्त हो चुकी है, जिस कारण वर्तमान में व्यय प्रतिशत कम दिखाई दे रहा है। इस पर सीडीओ ने निर्देश दिए कि आवश्यकता के अनुसार तत्काल व्यय सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिला परियोजना कार्यालय में रिक्त जिला समन्वयक एवं अन्य पदों की भर्ती प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। साक्षात्कार उपरांत मानकों के अनुरूप योग्य अभ्यर्थियों का चयन करते हुए शेष पदों के लिए पुनः रैंडम/सम्पूर्ण सूची प्राप्त कर 15 फरवरी 2026 तक चयन प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
विकास खंड बिलारी में निर्माणाधीन ब्लॉक संसाधन केंद्र का कार्य अब तक प्रारंभ न होने पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताई और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को कार्यदायी संस्था से समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त आगामी शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए निर्देश दिए गए कि जनपद में संचालित सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में वर्तमान सत्र में कक्षा 8 में अध्ययनरत छात्राओं का अनिवार्य रूप से उसी विद्यालय में कक्षा 9 में प्रवेश सुनिश्चित किया जाए।
