नई दिल्ली। कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र से विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने राजधानी नई दिल्ली स्थित केंद्रीय राज्य मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक मजबूती, जन-कल्याणकारी योजनाओं तथा प्रदेश के समग्र विकास को लेकर विस्तृत और सार्थक चर्चा हुई। इस दौरान भाजपा नेता राजेश रस्तोगी भी साथ रहे।

भेंट के दौरान विधायक रामवीर सिंह ने कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी जनसमस्याओं, विकास कार्यों की प्रगति तथा आमजन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित जन-कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अपने अनुभव साझा किए।

केंद्रीय राज्य मंत्री शपंकज चौधरी ने विधायक रामवीर सिंह को संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक सक्रिय बनाने, बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने तथा सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश सरकार निरंतर जनहित में कार्य कर रही है और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका से विकास की गति और तेज होगी।

बैठक में उत्तर प्रदेश के समग्र विकास, सामाजिक समरसता, युवाओं के लिए रोजगार, किसानों के हित तथा बुनियादी ढांचे के विस्तार जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। दोनों नेताओं ने आपसी समन्वय के साथ संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया।
विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने मार्गदर्शन के लिए केंद्रीय मंत्री शपंकज चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व के दिशा-निर्देशों के अनुरूप वे अपने क्षेत्र में विकास कार्यों को और अधिक गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
