नई दिल्ली। कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मुरादाबाद जनपद के कुंदरकी से भारतीय जनता पार्टी के विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने देश के रक्षा मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह से आत्मीय भेंट की। यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर गंभीर एवं सार्थक विमर्श हुआ।
विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने रक्षा मंत्री को कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र की वर्तमान स्थिति, जनसमस्याओं, आधारभूत सुविधाओं की आवश्यकता तथा भविष्य की विकास योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, रोजगार सृजन और युवाओं से जुड़े विषयों को प्रमुखता से रखते हुए केंद्र सरकार के सहयोग की अपेक्षा जताई।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कुंदरकी क्षेत्र के समग्र और संतुलित विकास को लेकर सकारात्मक रुख अपनाते हुए विधायक को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को ज़मीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष बल दिया तथा कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
भेंट के दौरान रक्षा मंत्री ने विधायक ठाकुर रामवीर सिंह को जनसेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने के लिए प्रोत्साहित किया और उन्हें स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान किया। यह मुलाकात न केवल कुंदरकी क्षेत्र के लिए लाभकारी मानी जा रही है, बल्कि आने वाले समय में विकास परियोजनाओं को गति मिलने की भी उम्मीद जताई जा रही है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यह शिष्टाचार भेंट कुंदरकी विधानसभा के विकास को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
