मेघालय के ताशखाई क्षेत्र में स्थित एक कोयला खदान में जोरदार विस्फोट होने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में कम से कम 10 मजदूरों की मौत की खबर सामने आई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
ताशखाई की कोयला खदान में अचानक जोरदार विस्फोट होने की जानकारी सामने आई है। धमाका इतना भीषण था कि खदान के भीतर काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए और उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। आशंका जताई जा रही है कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी मजदूर असम के रहने वाले थे, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मेघालय पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। खदान में फंसे अन्य मजदूरों को खोजने के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
प्रशासन ने घटना स्थल के आसपास के क्षेत्र को सील कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है, ताकि राहत और बचाव कार्य बिना किसी रुकावट के जारी रह सके। अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में खदान के भीतर गैस लीक या किसी तकनीकी खराबी को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, लेकिन पूरी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारण सामने आ सकेगा।
