मुरादाबाद/संभल। राज्य कर विभाग ने कर चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संभल जिले के एक बड़े सर्राफा कारोबारी के प्रतिष्ठान पर जबरदस्त छापा मारा। इस दौरान विभागीय टीम को भारी मात्रा में बिना वैध कागजातों के सोना, चांदी और हीरे बरामद हुए, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 33 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, राज्य कर विभाग को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि संबंधित सर्राफा कारोबारी द्वारा बिना बिल और आवश्यक प्रपत्रों के सोना-चांदी की खरीद-फरोख्त की जा रही है। पुख्ता इनपुट मिलने के बाद विभाग ने योजनाबद्ध तरीके से यह कार्रवाई की।

21 घंटे तक चली सघन जांच, दर्जनों अधिकारी और पुलिस बल तैनात
कार्रवाई देर रात शुरू हुई और लगातार करीब 21 घंटे तक चली। इस दौरान राज्य कर विभाग के दर्जनों अधिकारी, लेखा विशेषज्ञों के साथ-साथ भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और जांच निष्पक्ष रूप से पूरी की जा सके।

जांच के दौरान कारोबारी के प्रतिष्ठान से बिना वैध दस्तावेजों के रखे गए सोने, चांदी और हीरे बरामद किए गए। विभागीय टीम ने मौके पर ही पूरे माल को सीज कर अपने कब्जे में ले लिया।
मौके पर ही 1.20 करोड़ रुपये का अर्थदंड वसूला गया
राज्य कर विभाग ने प्रारंभिक जांच के आधार पर कारोबारी पर कर नियमों के उल्लंघन और अवैध कारोबार का आरोप लगाते हुए 1 करोड़ 20 लाख रुपये का अर्थदंड मौके पर ही वसूल किया। अधिकारियों का कहना है कि यह केवल प्रारंभिक कार्रवाई है और दस्तावेजों की गहन जांच के बाद और भी कर देनदारी सामने आ सकती है।

कर चोरी के खिलाफ सख्त संदेश
विभागीय अधिकारियों ने साफ किया कि राज्य सरकार की मंशा कर चोरी पर पूरी तरह अंकुश लगाने की है और इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी। बिना बिल और कागजात के व्यापार करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

इस बड़ी कार्रवाई के बाद से संभल और आसपास के क्षेत्रों में सर्राफा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
