मुरादाबाद। सोमवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक, मुरादाबाद परिक्षेत्र जी. मुनिराज एक दिवसीय दौरे पर मुरादाबाद पहुंचे। पुलिस कार्यालय आगमन पर उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल एवं अन्य राजपत्रित अधिकारियों के साथ गार्द सलामी ली। इसके उपरांत डीआईजी द्वारा पुलिस कार्यालय तथा कार्यालय परिसर में स्थित विभिन्न शाखाओं का वार्षिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी जी. मुनिराज ने पुलिस कार्यालय में संधारित अभिलेखों, रजिस्टरों एवं कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। उन्होंने शाखा प्रभारियों को अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, समय पर अद्यतन प्रविष्टियों तथा विभागीय दिशा-निर्देशों के अक्षरशः पालन के निर्देश दिए। साथ ही, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण एवं कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण उपरांत पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में डीआईजी ने बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की समस्याएं और शिकायतें ध्यानपूर्वक सुनीं। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों को उन्होंने गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने तथा शिकायतों के शीघ्र, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरियादियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित किया जाए।

डीआईजी जी. मुनिराज ने कहा कि आमजन का विश्वास पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से संवेदनशीलता, शालीनता और सहानुभूति के साथ व्यवहार किया जाए। साथ ही, प्रत्येक शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग कर उसकी प्रगति से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए।

इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी डीआईजी को दी। निरीक्षण एवं जनसुनवाई के दौरान अन्य राजपत्रित अधिकारी, शाखा प्रभारी एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे@ZAFAR-INN
