मुरादाबाद। मूंढापांडे थाना क्षेत्र अंतर्गत दिल्ली–लखनऊ हाईवे पर स्थित नियामतपुर इकरोटिया टोल प्लाजा पर सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (चौधरी गुट) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए टोल प्लाजा का घेराव किया। किसानों ने क्षेत्रीय जनता को टोल शुल्क से मुक्त किए जाने की मांग को लेकर नारेबाजी की और शासन-प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे किसान नेताओं का कहना था कि यह टोल प्लाजा क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी समस्या बन गया है।
स्थानीय लोग रोजमर्रा के कार्यों—जैसे खेती-किसानी, व्यापार, नौकरी और शिक्षा—के लिए इसी मार्ग से आवागमन करते हैं, लेकिन हर बार टोल टैक्स देने से उन्हें आर्थिक रूप से भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। किसानों का आरोप है कि टोल वसूली के चलते आम जनता पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।

किसान यूनियन के नेताओं ने कहा कि टोल प्लाजा संचालन में स्थानीय जनता के हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने मांग की कि शासन-प्रशासन इस मामले का संज्ञान लेते हुए क्षेत्रीय लोगों के लिए टोल फ्री व्यवस्था तत्काल लागू करे। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
किसान नेताओं ने साफ कहा कि आगामी दिनों में भारी संख्या में किसान और क्षेत्रीय लोग एकजुट होकर टोल प्लाजा पर बड़ा आंदोलन करेंगे। आवश्यकता पड़ी तो टोल कर्मचारियों के खिलाफ भी व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस प्रशासन भी सतर्क नजर आया। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा, हालांकि समाचार लिखे जाने तक स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई थी। प्रदर्शन में किसान यूनियन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
