अभिलेखों के अद्यतन और बेहतर रखरखाव के दिए निर्देश
मुरादाबाद। सोमवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक, मुरादाबाद परिक्षेत्र जी. मुनिराज ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल एवं अन्य राजपत्रित अधिकारियों के साथ स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू), जिला/नगर नियंत्रण कक्ष तथा यूपी-112 का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने संबंधित इकाइयों में संधारित अभिलेखों की गहन जांच की और कार्यप्रणाली की समीक्षा की।

डीआईजी जी. मुनिराज ने निरीक्षण के समय अभिलेखों को समय-समय पर अद्यतन रखने, उनका सुव्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने तथा अभिलेखीय कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एलआईयू और नियंत्रण कक्ष जैसी महत्वपूर्ण इकाइयों की कार्यक्षमता सीधे तौर पर कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा से जुड़ी होती है, ऐसे में इनमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

निरीक्षण के दौरान यूपी-112 की कार्यप्रणाली, कॉल रिस्पॉन्स सिस्टम, तैनात वाहनों और स्टाफ की स्थिति की भी समीक्षा की गई। डीआईजी ने निर्देश दिए कि आपातकालीन कॉल पर तत्काल और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाए तथा आमजन को समय पर सहायता मिलनी चाहिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने डीआईजी को जनपद में कानून-व्यवस्था की स्थिति, आपात सेवाओं की तैयारियों और हालिया गतिविधियों की जानकारी दी। डीआईजी ने अधिकारियों से कहा कि आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।

निरीक्षण के दौरान संबंधित शाखाओं के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। डीआईजी ने कहा कि बेहतर रिकॉर्ड प्रबंधन और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था से ही जनता का पुलिस पर भरोसा मजबूत होगा@ZAFAR-INN
