लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की किताब को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में या तो पब्लिशर पेंगुइन गलत जानकारी दे रहा है या फिर जनरल नरवणे की तरफ से कही गई बात सही नहीं है। हालांकि राहुल गांधी ने साफ कहा कि उन्हें अपने पूर्व आर्मी चीफ पर भरोसा है।
राहुल गांधी ने जनरल नरवणे के सोशल मीडिया पोस्ट का जिक्र करते हुए बताया कि नरवणे ने अपनी किताब के उपलब्ध होने की जानकारी देते हुए लोगों से उसे पढ़ने की अपील की थी। राहुल ने कहा कि अगर किताब ऑनलाइन प्लेटफॉर्म जैसे अमेज़न पर मौजूद है और खुद जनरल नरवणे इसके बारे में पोस्ट कर चुके हैं, तो पेंगुइन का यह कहना कि किताब प्रकाशित नहीं हुई, कई सवाल खड़े करता है।
उन्होंने आगे कहा कि किताब में कुछ ऐसी टिप्पणियां भी बताई जा रही हैं, जो केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री के लिए असहज हो सकती हैं। ऐसे में अब यह तय करना जरूरी है कि इस मामले में सच्चाई किस पक्ष के साथ है।
