मुरादाबाद। जनपद के थाना डिलारी क्षेत्र के गांव तगाला में बीती रात बदमाशों ने एक परिवार को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना रात करीब 3:45 बजे की बताई जा रही है, जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बदमाश देर रात घर में घुस आए और तमंचा दिखाकर परिवार के सदस्यों को भयभीत कर दिया। बदमाशों ने पीड़ित यासीन पुत्र वाहिद हुसैन के परिवार से लगभग 10 हजार रुपये की नकदी तथा सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। वारदात के दौरान बदमाशों ने परिवार के साथ अभद्रता करते हुए विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना की सूचना मिलते ही थाना डिलारी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और साक्ष्य जुटाए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किए जाने का दावा किया जा रहा है।

घटना के बाद गांव तगाला में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जाएगा।
