मुरादाबाद। पुलिस उपमहानिरीक्षक, परिक्षेत्र जी मुनिराज द्वारा मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक प्रातः पुलिस लाइन्स पहुंचे, जहां उन्होंने परेड की गुणवत्ता, अनुशासन एवं टर्नआउट का बारीकी से अवलोकन किया। इसके पश्चात रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित क्वार्टर गार्ड, मैस, कैंटीन, कार्यालय एवं परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण क्रम में विशेष जांच प्रकोष्ठ, डीसीआरबी एवं फील्ड यूनिट का निरीक्षण कर अभिलेखों व कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़ी इकाइयों महिला हेल्प डेस्क, परामर्श केंद्र, महिला सहायता प्रकोष्ठ, महिला सम्मान कोष, मानवाधिकार आयोग प्रकोष्ठ तथा महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन (मिशन शक्ति)—का निरीक्षण किया गया। महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस पेंशनर्स के साथ गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें उनकी समस्याओं को सुना गया और समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इसके उपरांत राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ गोष्ठी कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, महिला अपराधों एवं जनसुनवाई की समीक्षा की गई। कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता पर विशेष जोर दिया गया।

जनप्रतिनिधियों के साथ भी बैठक कर स्थानीय समस्याओं, जनसुरक्षा और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। वहीं मीडिया बंधुओं से संवाद के दौरान पुलिस की कार्यवाहियों, कानून-व्यवस्था की स्थिति और जनहितकारी प्रयासों की जानकारी साझा की गई।

निरीक्षण के अंत में पुलिस उपमहानिरीक्षक ने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और आमजन के प्रति संवेदनशील रहते हुए कार्य करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, नगर एवं यातायात, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी कांठ सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे।
