टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार ऐसा देखने को मिला, जब किसी मुकाबले का फैसला दो सुपर ओवर के बाद हुआ। बेहद रोमांचक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने अफगानिस्तान को डबल सुपर ओवर में हराकर जीत दर्ज की। पहले सुपर ओवर तक दोनों टीमें 17-17 रन बनाकर बराबरी पर रहीं, जिसके बाद मैच दूसरे सुपर ओवर तक पहुंचा। दूसरे सुपर ओवर में अफगानिस्तान को 24 रन का लक्ष्य मिला, लेकिन टीम केवल 19 रन ही बना सकी और मैच हार गई।
इससे पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 187 रन बनाए थे। जवाब में अफगानिस्तान की टीम भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 187 रन ही बना सकी और मैच टाई हो गया, जिसके बाद सुपर ओवर कराया गया।
पहले सुपर ओवर का रोमांच
अफगानिस्तान की बल्लेबाजी
अफगानिस्तान ने सुपर ओवर की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की। पहली गेंद पर 4 रन आए, दूसरी गेंद पर 6 रन बने। तीसरी और चौथी गेंद पर 1-1 रन लिया गया। पांचवीं गेंद पर फिर चौका लगा और आखिरी गेंद पर 1 रन लेकर अफगानिस्तान ने सुपर ओवर में कुल 17 रन बनाए।
दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत धीमी रही और पहली गेंद पर 1 रन बना। दूसरी गेंद पर 6 रन आए, लेकिन तीसरी गेंद पर डेवाल्ड ब्रेविस आउट हो गए। चौथी गेंद पर 4 रन बने, पांचवीं गेंद खाली गई। आखिरी गेंद पर दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 7 रन चाहिए थे, लेकिन ट्रिस्टन स्टब्स ने शानदार छक्का लगाकर मैच को फिर से बराबरी पर ला दिया। इस तरह पहला सुपर ओवर भी टाई हो गया और मुकाबला दूसरे सुपर ओवर में पहुंच गया।
दूसरे सुपर ओवर का रोमांच
दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी
दूसरे सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी की और शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहली गेंद पर 6 रन बने, दूसरी गेंद पर 1 रन मिला। तीसरी गेंद पर 2 रन आए, चौथी और पांचवीं गेंद पर लगातार दो छक्के लगे। आखिरी गेंद पर 2 रन लेकर दक्षिण अफ्रीका ने कुल 23 रन बनाए और अफगानिस्तान को 24 रन का लक्ष्य दिया।
अफगानिस्तान की बल्लेबाजी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान टीम की शुरुआत खराब रही। पहली गेंद पर कोई रन नहीं बना और दूसरी गेंद पर मोहम्मद नबी आउट हो गए। इसके बाद रहमनुल्लाह गुरबाज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए लगातार तीन छक्के लगाए और मैच में रोमांच भर दिया, एक गेंद वाइड रही। हालांकि आखिरी गेंद पर गुरबाज आउट हो गए और अफगानिस्तान टीम 19 रन ही बना सकी।
मैच के अंतिम क्षण बेहद रोमांचक रहे। दो गेंदों तक अफगानिस्तान कोई रन नहीं बना पाया था, लेकिन गुरबाज के लगातार तीन छक्कों से टीम जीत के करीब पहुंच गई थी। फिर भी आखिरी गेंद पर विकेट गिरने से दक्षिण अफ्रीका ने यह ऐतिहासिक मुकाबला अपने नाम कर लिया।
